crossorigin="anonymous"> दिल्ली मेट्रो फेज-4 का निरीक्षण: सीएम ने गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर - Sanchar Times

दिल्ली मेट्रो फेज-4 का निरीक्षण: सीएम ने गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर

Spread the love

कहा-लापरवाही पर होगा ऐक्शन, तरीफ भी की

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेट्रो फेज-4 के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना में गुणवत्ता, सुरक्षा और तय समयसीमा के सख्त पालन के निर्देश दिए

ST.News Desk

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को आर. के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयसीमा के पालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो राजधानी की “जीवनरेखा” है, जिस पर रोजाना लाखों लोग निर्भर रहते हैं, इसलिए हर स्तर पर उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आर. के. आश्रम मार्ग स्टेशन को एक बड़े इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां दिल्ली मेट्रो ब्लू लाइन और दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी मिलेगी। यह स्टेशन जनकपुरी वेस्ट से आर. के. आश्रम मार्ग तक फैले 28.92 किलोमीटर लंबे लाइन-8 कॉरिडोर का अहम हिस्सा होगा।

उन्होंने जानकारी दी कि फेज-4 के तहत जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक के हिस्से पहले ही शुरू किए जा चुके हैं, जबकि बाकी हिस्सों पर तेजी से काम जारी है। यह कॉरिडोर पश्चिम, उत्तर और मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले क्षेत्रों को जोड़ते हुए यात्रा समय कम करेगा और सड़कों पर ट्रैफिक दबाव घटाएगा।

मुख्यमंत्री ने परियोजना में हो रहे इंजीनियरिंग कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि इसमें करीब 7 किलोमीटर लंबे ट्विन टनल और छह प्रमुख अंडरग्राउंड स्टेशन—डेरावल नगर, घंटाघर, पुलबंगश, सदर बाजार, नबी करीम और आर. के. आश्रम मार्ग—का निर्माण शामिल है।

उन्होंने कहा कि सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में भूमिगत स्टेशन का निर्माण, सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन के पास सक्रिय रेलवे लाइन के नीचे और रानी झांसी फ्लाईओवर व रेड लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे टनल बोरिंग जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि परियोजना को तय समय में पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि दिल्लीवासियों को बेहतर, सुरक्षित और तेज़ परिवहन सुविधा मिल सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *