सासाराम समाहरणालय में अंचलाधिकारियों के साथ बैठक, लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
सासाराम। रोहतास जिले में दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े लंबित मामलों को लेकर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सासाराम समाहरणालय में सभी अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एडीएम ललित भूषण रंजन भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज और परिमार्जन से जुड़े सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। खासकर दाखिल-खारिज के लंबित मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।
लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने का निर्देश
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले के कई अंचलों में दाखिल-खारिज के मामले लंबित हैं। इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश अंचलाधिकारियों को दिया गया है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
पर्चा वाली जमीन पर कब्जे की भी होगी निगरानी
बैठक में जमीन विवाद से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन गरीब परिवारों को पर्चा के माध्यम से जमीन उपलब्ध कराई गई है, अगर उन्हें उस जमीन पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है तो ऐसे मामलों में भी तेजी से कार्रवाई करने की जरूरत है।
डीएम ने अधिकारियों को जमीन से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों को उनके अधिकार का लाभ सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

