crossorigin="anonymous"> उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, हरियाणा-पंजाब से राजस्थान और झारखंड तक शीतलहर का कहर - Sanchar Times

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, हरियाणा-पंजाब से राजस्थान और झारखंड तक शीतलहर का कहर

Spread the love

ST.News Desk

नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम ने उत्तर भारत के कई राज्यों में आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजस्थान से झारखंड तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दी।

हरियाणा-पंजाब में पारा लुढ़का

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा का सिरसा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल में भी पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
करनाल में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, भिवानी में पांच डिग्री, हिसार में 5.1 डिग्री और रोहतक में छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में 6.4 डिग्री और फरीदाबाद में 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरदासपुर में 4.8 डिग्री, अमृतसर में 6.3 डिग्री, लुधियाना में 6.2 डिग्री और फरीदकोट में 7.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा, जबकि दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में पारा 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Rajasthan IMD Alert: राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का असर

राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, कहीं-कहीं घना से अति घना कोहरा, शीतलहर और अति शीत दिन की स्थिति बनी रही।

इस दौरान झुंझुनू में सर्वाधिक 5.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान जवाई बांध (पाली) में 24.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान जैसलमेर में 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने बताया कि राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि अगले एक-दो दिन कुछ इलाकों में सुबह के समय अति घना कोहरा छा सकता है और कई जगह शीतलहर जारी रहेगी।

Jharkhand Weather Update: झारखंड में कड़ाके की ठंड

झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शुक्रवार को शीतलहर का प्रकोप बना रहा। IMD के अनुसार, राज्य के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। खूंटी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डालटनगंज में 3.2 डिग्री और बोकारो में 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

रांची स्थित IMD केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड के ऊपर क्षोभमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं लगातार चल रही हैं, जिसके कारण राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, जिन जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, उनमें बोकारो, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, डालटनगंज (पलामू), लोहरदगा, पाकुड़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *