ST.News Desk
Twisha Sharma मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भोपाल जिला अदालत ने आरोपी पति Samarth Singh को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस उससे मामले के विभिन्न पहलुओं पर गहन पूछताछ करेगी। समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया था
शनिवार को आरोपी समर्थ सिंह को भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान त्विषा शर्मा के परिजनों की ओर से दायर आवेदन पर अदालत ने समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के भी आदेश दिए। पुलिस ने कोर्ट से सात दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया।
इस मामले पर भोपाल पुलिस कमिश्नर Sanjay Kumar ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि फरारी के दौरान किसी ने आरोपी को शरण दी थी, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन अदालत ने उसे आत्मसमर्पण की अनुमति नहीं दी। इसी दौरान भोपाल पुलिस की टीम वहां मौजूद थी और जबलपुर पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया गया।
इसी बीच, त्विषा शर्मा के आखिरी मेकअप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में सामान्य और शांत दिखाई दे रही है। पुलिस ने यह फुटेज जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि पार्लर उसके ससुराल से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित था।
वहीं, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां त्विषा का शव मिला था। मामले की जांच दहेज हत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य आरोपों के आधार पर कई एंगल से की जा रही है।
मीडिया से बचाने के लिए पुलिस समर्थ सिंह को मेडिकल जांच हेतु जेपी अस्पताल ले गई और बाद में उसे सीधे भोपाल जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत परिसर में भी आरोपी को पीछे के गेट नंबर-3 से अंदर ले जाया गया।

