गाजियाबाद में आगामी दशहरा और रामलीला को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया और संबंधित लोगों को धारा 152 के नोटिस दिए गए।
पुलिस ने की पैदल गश्त
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने थाना नंदग्राम पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त की। पुलिस टीम ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ सड़क पर किए गए अतिक्रमण की भी जांच की।पुलिस ने मौके पर अतिक्रमण हटवाते हुए संबंधित लोगों को धारा 152 के नोटिस दिए।

रामलीला मैदान का निरीक्षण
आगामी दशहरा एवं रामलीला के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने रामलीला मैदान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा और यातायात पर नजर
पुलिस का उद्देश्य रामलीला और दशहरा आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पहले से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है।
























