Tamil Nadu Loan Waiver
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री Vijay ने राज्य के किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। सरकार ने सीमांत किसानों का 50,000 रुपये तक का सहकारी बैंक फसल ऋण माफ करने का फैसला लिया है। वहीं बड़े किसानों के लिए 5,000 रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा। इस योजना से राज्य के करीब 14.22 लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है
सरकार के अनुसार, इस कर्ज माफी योजना पर करीब 2,044 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब किसान मौसम की मार और बाजार की अनिश्चितता से जूझ रहे हैं।
सीधे सहकारी बैंकों को भेजी जाएगी राशि
तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि कर्ज माफी की राशि सीधे सहकारी बैंकों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी, ताकि किसानों के नाम पर कोई बकाया न रहे। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकेंगे।
जल्द जारी होगी योजना की गाइडलाइन
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद किसानों में खुशी का माहौल है। किसान संगठनों और नेताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है। सरकार जल्द ही इस योजना को लागू करने के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी करेगी। जिलाधिकारियों को पात्र किसानों की सूची तैयार करने और सभी योग्य किसानों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेकेदातु बांध परियोजना पर भी हुई बैठक
मुख्यमंत्री Vijay ने सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की, जिसमें कावेरी नदी पर कर्नाटक के प्रस्तावित मेकेदातु बांध प्रोजेक्ट पर तमिलनाडु की प्रतिक्रिया की समीक्षा की गई।
तमिलनाडु लंबे समय से इस परियोजना का विरोध करता रहा है। राज्य सरकार का कहना है कि इससे तमिलनाडु के हिस्से के नदी जल पर असर पड़ सकता है और किसानों को नुकसान हो सकता है।
सरकारी बयान के मुताबिक, कर्नाटक में हाल ही में इस परियोजना के लिए हुए “भूमि पूजन” के बाद यह बैठक बुलाई गई थी। बैठक में तमिलनाडु के जल अधिकारों की रक्षा और किसानों के हितों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।

