AICC विचार विभाग के चेयरमैन कैप्टन प्रवीण दावर ने संभाला पदभार
ST.News Desk
नई दिल्ली | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड, नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विचार विभाग के नव नियुक्त चेयरमैन कैप्टन प्रवीण दावर जी ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, विचार विभाग के सदस्यों एवं विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत कैप्टन प्रवीण दावर जी ने विचार विभाग के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक विस्तार तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर रणनीतिक विचार-विमर्श किया।

अपने संबोधन में कैप्टन दावर जी ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक आत्मा और सामाजिक न्याय की सबसे मजबूत आवाज है। कांग्रेस की विचारधारा ने सदैव देश को जोड़ने, संविधान की रक्षा करने और हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, श्रीमती इंदिरा गांधी एवं स्वर्गीय राजीव गांधी जैसे महान नेताओं ने त्याग, संघर्ष और दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और मूल्यों को नई पीढ़ी तक मजबूती से पहुंचाया जाए।
कैप्टन दावर जी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक सौहार्द, लोकतंत्र, संविधान और देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब की रक्षा हेतु एकजुट होकर कार्य करें तथा कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विचार विभाग की भूमिका और अधिक व्यापक, सक्रिय एवं निर्णायक होगी।
इस अवसर पर विचार विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह ने कहा कि आज देश का युवा, किसान, मजदूर, महिला एवं आम नागरिक देश के इतिहास और वर्तमान परिस्थितियों को गंभीरता से समझ रहा है। जनता अब ऐसी राजनीति से मुक्ति चाहती है जो समाज को बांटकर, युवाओं को भ्रमित कर तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर केवल सत्ता में बने रहने का प्रयास करती है।
मनोज सिंह ने कहा कि भारतीय National Congress देश की आजादी, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने नेताओं द्वारा दी गई कुर्बानियों और शहादतों को कभी व्यर्थ नहीं जाने देगी। कांग्रेस कार्यकर्ता देश के कोने-कोने तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाकर नफरत, झूठ और विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि देशवासी नकली राष्ट्रवाद और समाज को बांटने वाली साजिशों को पहचानें तथा संविधान, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आएं।

