देशभर में भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान हैं। दिल्ली-NCR, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को मानसून का बेसब्री से इंतजार है। अब मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है
ST.News Desk
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर राजस्थान के जैसलमेर तक और नोएडा से लेकर यूपी के बांदा तक भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्से इस समय लू की चपेट में हैं। ऐसे में मानसून के आने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार सामान्य तारीख 1 जून से पहले ही केरल पहुंच सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 मई तक मानसून केरल में दस्तक दे देगा। इसके बाद धीरे-धीरे यह देश के अन्य राज्यों की ओर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में मानसून 27 से 30 जून के बीच पहुंच सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मानसून के 15 से 25 जून के बीच आने की संभावना जताई गई है। बिहार में मानसून 12 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है।
हालांकि, तब तक उत्तर भारत के लोगों को गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। इस बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
IMD के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, केरल और तमिलनाडु में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई है।

